मुंगेली : सुशासन तिहार-2026: उपमुख्यमंत्री श्री साव ने ग्राम करूहानार में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

मुंगेली : सुशासन तिहार-2026: उपमुख्यमंत्री श्री साव ने ग्राम करूहानार में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

मुंगेली : सुशासन तिहार-2026: उपमुख्यमंत्री श्री साव ने ग्राम करूहानार में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
 
 
 
 लगरा, हरदी, करूहानार सहित विभिन्न ग्रामों में की 01 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा
विकास और सुशासन हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता: उपमुख्यमंत्री श्री साव
मुंगेली, 01 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में आयोजित सुशासन तिहार आमजनों के लिए भरोसे और राहत का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। इसी कड़ी में लोरमी विकासखण्ड के ग्राम करूहानार में आयोजित समाधान शिविर में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव शामिल हुए और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजनों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में बच्चों को अन्नप्राशन कराते हुए उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार के माध्यम से आमजनों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। विकास और सुशासन हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और समाधान शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ता।


    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ग्राम करूहानार में शेड निर्माण हेतु 05 लाख रुपये, महामाया परिसर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 05 लाख रुपये, ग्राम लगरा एवं हरदी में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए क्रमशः 28-28 लाख रूपये, ग्राम गातापार एवं रसपालपुर में पंचायत भवन निर्माण हेतु 20-20 लाख रुपये तथा बैजलपुर में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवन निर्माण के लिए 05 लाख रुपये की घोषणा की।


     कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने लोगों से सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, लिंक और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें। जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि संतृप्तिकरण शिविर के दौरान करूहानार क्लस्टर में 1100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन सर्वाधिक हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।


   जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन रहा है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। समाजसेवी अनीता कोमल साहू ने भी सुशासन तिहार को ग्रामीणों और गरीबों की समस्याओं के प्रभावी समाधान का सशक्त मंच बताया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।


हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
     शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजनों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया, इनमें 02 दिव्यांगों को हितग्राहियों को मोटराइज्ट ट्रायसायकल, 05 बुजुर्गों को छड़ी, 12 बुजुर्गों को पेंशन स्वीकृति पत्र, 10 किसानों को सहकारिता विभाग के अंतर्गत चेक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत 20 महिलाओं को चेक, पांच को मत्स्य जाल, 15 को आवास चाबी, 10 को फलदार पौधे, 06 लोगों को आयुष्मान व वय वंदना कार्ड, 15 को स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय स्वीकृति प्रमाण पत्र, 15 को राशन कार्ड, 05 को मनरेगा जॉब कार्ड, 10 को नोनी सुरक्षा का बॉन्ड पेपर, 10 किसानों को अरहर मिनी किट, 09 खिलाड़ियों को एथलीटिक्स खेल सामग्री, तीन खिलाड़ियों को बॉक्सिंग खेल किट, 01 हितग्राही को कबड्डी मैट, 10 टीमों को क्रिकेट किट बैग और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।