रायपुर : केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर 'ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट' को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और कोबरा के जवानों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया
कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर चलाए गए अब तक के सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियान 'ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट' में वीर जवानों ने शौर्य का परिचय देते हुए ऑपरेशन को सफल बनाया, सभी सुरक्षा बलों के जवानों को हार्दिक बधाई
'ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट' के दौरान जवानों की बहादुरी और पराक्रम को नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा
हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक सभी नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर देते, पकड़े नहीं जाते या खत्म नहीं कर दिए जाते, हम भारत को नक्सल मुक्त बनाएंगे
गर्मी, ऊंचाई और हर कदम पर आईईडी के खतरे के बावजूद सुरक्षा बलों ने बुलंद हौसलों के साथ ऑपरेशन को सफल बनाया और नक्सलियों के बेस कैंप को ध्वस्त कर दिया
कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर बने नक्सलियों के मटेरियल डंप और सप्लाई चेन को सुरक्षाबलों के जवानों ने बहादुरी से किया नष्ट
मोदी सरकार उन सुरक्षा बलों के जीवन को सुगम बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जिन्हें नक्सल विरोधी अभियानों में गंभीर शारीरिक चोटें आई हैं
नक्सल विरोधी अभियानों के कारण पशुपतिनाथ से तिरुपति तक के क्षेत्र के 6.5 करोड़ लोगों के जीवन में एक नया सवेरा आया है
मोदी सरकार 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध
रायपुर, 3 सितंबर 2025
केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और कोबरा के जवानों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया, जिन्होंने कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर 'ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट' को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर अब तक के सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियान 'ऑपरेशन ब्लैक फ़ॉरेस्ट' को सफल बनाने में वीरता दिखाने वाले जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन ब्लैक फ़ॉरेस्ट' के दौरान जवानों की बहादुरी और पराक्रम को नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।
श्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार तब तक चैन से नहीं बैठेगी जब तक सभी नक्सली या तो आत्मसमर्पण नहीं कर देते, या पकड़े नहीं जाते या उनका सफाया नहीं कर देते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम भारत को नक्सल मुक्त बनाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गर्मी, ऊँचाई और हर कदम पर आईईडी के खतरे के बावजूद, सुरक्षा बलों ने बुलंद हौसलों के साथ ऑपरेशन को सफल बनाया और नक्सलियों के बेस कैंप को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि कर्रेगुट्टालू पहाड़ी पर बने नक्सलियों के मटीरियल डंप और सप्लाई चेन को छत्तीसगढ़ पुलिस, सीआरपीएफ, डीआरजी और कोबरा के जवानों ने बहादुरी से नष्ट कर दिया।
श्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलियों ने देश के सबसे कम विकसित इलाकों को भारी नुकसान पहुँचाया है, स्कूल, अस्पताल बंद कर दिए हैं और सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुँचने से रोक दिया है। उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों के कारण पशुपतिनाथ से तिरुपति तक के क्षेत्र के 6.5 करोड़ लोगों के जीवन में एक नया सूर्योदय हुआ है। श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार नक्सल विरोधी अभियानों में गंभीर शारीरिक चोटों का सामना करने वाले सुरक्षा बलों के जीवन को सुगम बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 31 मार्च, 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।