बीजापुर : पश्चिम एशियाई संकट के बीच बीजापुर में हालात सामान्य, एलपीजी-पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता -कलेक्टर व एसपी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
बीजापुर : पश्चिम एशियाई संकट के बीच बीजापुर में हालात सामान्य, एलपीजी-पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता -कलेक्टर व एसपी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
बीजापुर : पश्चिम एशियाई संकट के बीच बीजापुर में हालात सामान्य, एलपीजी-पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता -कलेक्टर व एसपी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
बीजापुर 02 अप्रैल 2026
पश्चिम एशियाई संकट की पृष्ठभूमि में संभावित प्रभावों को लेकर जिले में किसी भी तरह की आशंका को दूर करने हेतु कलेक्टर श्री संबित मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर स्थिति स्पष्ट की। दोनों अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि जिले में सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जानकारी दी कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश सहित बीजापुर जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं आएगी। पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम एवं गैस मंत्रालय द्वारा 28 फरवरी 2026 के बाद उठाए गए कदमों के परिणामस्वरूप आपूर्ति व्यवस्था मजबूत बनी हुई है।
प्रेस वार्ता में कलेक्टर ने पीपीटी के माध्यम से जिले में उपलब्ध गैस स्टॉक, घरेलू एवं व्यावसायिक कनेक्शनों की स्थिति तथा प्रतिदिन की बुकिंग संबंधी आंकड़े साझा किए। साथ ही खाद्यान्न एवं आवश्यक वस्तु प्रबंधन के तहत राज्य एवं जिला स्तर पर की जा रही कार्यवाहियों की जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के अंतर्गत आपूर्ति और भंडारण पर प्रशासन सतत निगरानी रख रहा है। जिले में 30 से 45 दिनों का अग्रिम खाद्यान्न स्टॉक सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी की जा रही है। किसानों के लिए खाद की उपलब्धता पर भी उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व की भांति ही आपूर्ति जारी रहेगी और किसी प्रकार की कमी नहीं होगी। आम जनता की सुविधा के लिए राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर तथा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए नागरिक सीधे संपर्क कर सकें।
कलेक्टर ने विशेष रूप से अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि भ्रामक एवं अपुष्ट खबरें समाज में भय और अस्थिरता पैदा करती हैं। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि किसी भी समाचार के प्रकाशन से पहले प्रशासन से पुष्टि अवश्य करें, ताकि जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचे। वहीं आम नागरिकों से भी सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सतर्क रहने को कहा।
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है। बीजापुर दो अंतरराज्यीय सीमाओं से जुड़ा होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
बैठक के दौरान कलेक्टर और एसपी ने 31 मार्च को बीजापुर जिले के सशस्त्र माओवाद से मुक्त होने पर जिलेवासियों को बधाई दी। उन्होंने जिले के विकास में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि बीजापुर के मीडिया ने हमेशा सकारात्मक योगदान दिया है और आगे भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जनता को किसी भी प्रकार की घबराहट या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। उक्त प्रेसवार्ता में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, खाद्य, आरटीओ, नगरीय निकाय सहित महत्वपूर्ण विभागों के विभागीय अधिकारीगण तथा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि गण मौजूद थे।
cgns