रायपुर : नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए बढ़ रही जनभागीदारी
रायपुर : नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए बढ़ रही जनभागीदारी
रायपुर : नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए बढ़ रही जनभागीदारी
अंतरराष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस पर प्रदेशभर में जनजागरूकता और पुनर्वास कार्यक्रमों का आयोजन
रायपुर, 1 जून 2026
अंतरराष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को तंबाकू, धूम्रपान और नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इन कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं, पुनर्वास लाभार्थियों तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिचर्चा सह बैठक आयोजित कर धूम्रपान एवं नशापान के विरुद्ध व्यापक जनजागृति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बरमकेला के अधिकारी-कर्मचारी, सेक्टर अधिकारी, स्वास्थ्य सुपरवाइजर तथा मितानिनों ने सहभागिता निभाई। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की दीदियों ने मानसिक स्वास्थ्य, मेडिटेशन तथा तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तृत जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नवजीवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, सारंगढ़ में पुनर्वास प्राप्त कर रहे हितग्राहियों एवं स्टाफ के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्र के अधीक्षक श्री रोशन जायसवाल ने युवाओं से सभी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए बताया कि जागरूकता और सकारात्मक वातावरण से नशे की लत पर नियंत्रण पाया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत माता वाहिनी से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के लाभार्थी तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मद्यपान, मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर नशा मुक्ति केंद्र से उपचार प्राप्त कर नशा छोड़ चुके तीन हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। साथ ही एनईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली श्रवण बाधित दिव्यांग कु. पूजा साहू को भी सम्मानित कर प्रेरणादायी संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों द्वारा दिव्यांग हितग्राही श्री मनीराम सिंह को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान कर सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय भी दिया गया। प्रदेश में चलाए जा रहे ऐसे अभियान केवल नशा मुक्ति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और सकारात्मक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनते जा रहे हैं। समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से लोगों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित किया जा रहा है।
cgns